Tuesday, October 20th, 2026

अमेरिकी संसद में ट्रंप समर्थकों की खूनी हिंसा,सीनेट पर कब्जे की कोशिश, एक की मौत

वाशिंगटन

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के अंतिम दिनों में अमेरिका ने एक बार फिर हिंसा का रूप देखा है. इस बार वाशिंगटन स्थित कैपिटल हिल में डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने जबरदस्त हंगामा किया. जब भारत में देर रात का वक्त था उस वक्त हजारों की संख्या में ट्रंप समर्थक हथियारों के साथ कैपिटल हिल में घुस गए, यहां तोड़फोड़ की, सीनेटरों को बाहर किया और कब्जा कर लिया. हालांकि, लंबे संघर्ष के बाद सुरक्षाबलों ने इन्हें बाहर निकाला और कैपिटल हिल को सुरक्षित किया.

कैपिटल हिल के परिसर में ही इस पूरे बवाल के दौरान एक महिला ट्रंप समर्थक को गोली लग गई, जिसकी वहां पर ही मौत हो गई. जब पूरे इलाके को खाली करवाया गया तो ट्रंप समर्थकों के पास बंदूकों के अलावा अन्य खतरनाक चीजें भी मौजूद थीं.

ट्रंप समर्थक कैपिटल हिल इमारत के सामने कई बार पुलिस से भिड़ गए और कई लोग संसद के अंदर भी घुसने में सफल हो गए। इसी बीच संसद के अंदर अफरातफरी का माहौल हो गया और कई सांसदों को सदन के अंदर से अपना काम छोड़कर भागना पड़ा। वहीं सीनेट के दरवाजे को सुरक्षित तरीक से बंद कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सांसदों को सुरक्षित रखने के लिए उन्‍हें अमेरिकी सेना के एक शिविर में ले जाया गया। अमेरिका में दो बजे दोपहर में सीनेट के अंदर एरिजोना के इलेक्‍टोरल वोट को लेकर ट्रंप समर्थकों की आपत्ति पर बहस हो रही थी। इसी बीच यह सुनाई दिया कि प्रदर्शनकारी घुस आए हैं और वे सीनेट के चेंबर के बाहर हैं। इसके बाद बहस को रोक दिया गया। प्रदर्शनकारी सीनेट के तीसरे फ्लोर तक पहुंच गए और इस दौरान वे जमकर नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों को भगाने के लिए सुर‍क्षाकर्मियों को बंदूक ताननी पड़ी।

 

#अमेरिकी संसद

Source : Agency

पाठको की राय